एरवाकटरा (औरैया)। किशनी मार्ग पर रविवार दोपहर को तेज रफ्तार डीसीएम का ब्रेक फेल हो गया। इससे डीसीएम सड़क किनारे लगे ईंटों के चट्टे से भिड़ गई। हादसे में चालक केबिन में फंस गया। अलीगढ़ निवासी घायल चालक को सीएचसी से सैफई रेफर किया गया।
अलीगढ़ के थाना टप्पल के गांव घरवारा निवासी चालक फारुख (25) रविवार सुबह डीसीएम लेकर कानपुर से मैनपुरी जा रहा था। एरवाकटरा कस्बे से आगे पहुंचते ही डीसीएम के ब्रेक फेल हो गए। इससे राहगीरों को बचाने के प्रयास में डीसीएम ईंटों के चट्टे से टकरा गई। मौके पर मौजूद प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि चालक की सूझबूझ से बड़ी जनहानि बच गई।
घटना के बाद चालक केबिन में फंस गया। उसे किसी तरह केबिन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि घायल को सीएचसी से सैफई रेफर किया गया है। चालक के परिजनों को सूचना भेजी जा रही है।