औरैया। बिधूना कोतवाली के गांव बंथरा में तीन दिन पहले हुई 62 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस खुलासा कर दिया। इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतका के जेठ की बहू निकली, जिसने घर में नकदी और गहनों के लिए साजिश रची थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बाल अपचारी को भी अपनी हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में इटावा भेज दिया गया।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि 23 अक्तूबर की रात गांव बंथरा निवासी भूरी देवी की हत्या के मामले में पति की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी को लगाई गई थी। रविवार को बेला रोड पर पुलिस की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें कुछ संदिग्धों के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आगरा स्थित थाना बरहन क्षेत्र के गांव नगला अणू निवासी दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे, बंथरा गांव निवासी रेनू सेंगर, इटावा स्थित थाना चकरनगर क्षेत्र के गांव गोहानी निवासी रजित सिंह गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी दानवीर सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि दशहरा से ठीक पहले उसकी मृतका भूरी देवी के जेठ के लड़के की बहू रेनू सेंगर और गोलू की बुआ के लड़के रजित सिंह से कॉन्फ्रेंस कॉल पर हुई थी। रेनू सेंगर ने ही भूरी देवी के घर में नकदी और जेवर होने की जानकारी दी थी और चोरी की पूरी योजना बनाई थी। मृतका घर पर अकेली रहती थीं और उनके पति अनंगपाल व दोनों बेटे फरीदाबाद हरियाणा में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं, इसलिए बदमाशों ने इस सूनेपन का फायदा उठाया।
एसपी ने बताया कि योजना के मुताबिक, 23 अक्तूबर की रात गोलू और बाल अपचारी ने घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और नकदी व जेवर समेटने लगे। इसी दौरान बुजुर्ग भूरी देवी की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर तौलिये से उनका गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी इतने शातिर थे कि पुलिस की आंख में धूल झोंकने के लिए वे घटना के बाद मृतका के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। बाद में वे चोरी के माल का बंटवारा करने के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान उन्हें दबोच लिया गया।
75 ग्राम चांदी के जेवर समेत नकदी बरामद
पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी निशानदेही पर एक जोड़ी 60 ग्राम चांदी तोड़िया, 15 ग्राम की 11 बिछिया व 9400 रुपये नकद बरामद किए हैं। कोतवाल वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में चोरी की धाराएं और बढ़ाई गई हैं।
ग्रामीण की चर्चा और कॉल डिटेल में फंसे आरोपी
हत्या के बाद ग्रामीणों में रेनू सेंगर को लेकर चर्चा होने लगी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के चर्चा को आधार बनाया और उनकी सीडीआर खंगाली तो पूरा राज खुल गया। रेनू अपने दूर के रिश्तेदार गोलू को अपने साथ रखती थी। झगड़े की वजह से परिवार व ग्रामीण विरोध नहीं करते थे।