थाना क्षेत्र के ग्राम सेऊपुर में अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया। जिससे घरों में करंट उतर आया। अचानक वोल्टेज बढ़ने पर उपकरण बंद करते समय चार लोग करंट की चपेट में आने से घायल हो गए। सभी घायलों को कसबे के एक प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहीं हाई वोल्टेज के चलते लाखों रुपये के बिजली उपकरण फुंक गए।
सेऊपुर कसबे में गुरुवार की शाम अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर पड़ा। इसी दौरान पंखा खोलते समय कसबा निवासी चंद्रशेखर पुत्र राम करंट की चपेट में आकर झटके के साथ दूर जा गिरे। वहीं संतोष पुत्र जाहर सिंह को बल्ब बंद करने के दौरान करंट लगा। पंखे के पास बैठे आकाश पुत्र चंद्रशेखर भी घायल हो गए। रमेश चंद्र पुत्र छोटे लाल को फ्रिज बंद करने पर करंट लग गया। घायलों को परिजनों ने तुरंत कसबे के एक प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया। उधर, करंट से मुकेश, बलवीर, राजेश, राघव सहित लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों के घरों में लगे इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। जिले में आए दिन एचटी लाइन टूटने से हो रही घटनाओं से आम लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से एचटी लाइनों में मानक विहीन तार का उपयोग किया गया है।