फोटो-19-चोरी का आरोपी। स्रोत पुलिस
अनंतराम। ओवरब्रिज पर हाईवे की लाइटों के पोल और पैनल में लगे बिजली के उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर तार चोरी करने के आरोपी को हाईवे की मेंटीनेंस टीम ने सोमवार रात पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को बिजली के तार और अन्य उपकरणों के साथ अनंतराम पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इटावा चकेरी हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के एचआर मैनेजर राकेश पाठक ने कोतवाली पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अनंतराम ओवरब्रिज के बाईं ओर लगे हाईवे लाइटिंग पोल और पैनल के बिजली उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसी दौरान टीम ने मौके से दलेलनगर निवासी काशिम उर्फ मुन्ना को बिजली के पोल से तार चोरी करते हुए पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के कब्जे से 15 किलोग्राम बिजली के तार, तीन एमसीबी समेत अन्य चोरी का सामान बरामद कर अनंतराम पुलिस चौकी पुलिस को सौंप दिया। हाईवे प्रबंधन ने आशंका जताई है कि इससे पहले भी हाईवे पर तार और अन्य विद्युत उपकरणों की कई बार चोरियां हो चुकी हैं। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।