औरैया। फिल्मी पर्दे पर धूम मचाने वाले औरैया के विक्रांत जल्द ही वेबसीरीज में भी नजर आएंगे। वेबसीरीज की शूटिंग पूरी कर ली गई है। यह वेबसीरीज मनोरंजन से भरपूर होगी।
लखनऊ के गोमती नगर में लव रिएक्ट वेबसीरीज की शूटिंग शनिवार को समाप्त हुई। इस वेबसीरीज में अभिनेत्री अम्रता पाल के साथ मुख्य अभिनेता की भूमिका में औरैया के विक्रांत दुबे नजर आएंगे। फिल्म नगरी में तेजी से आगे बढ़ रहे विक्रांत ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर औरैया जिले का नाम रोशन किया है। कभी बीहड़ और कुख्यात डाकुओं से नाम से पहचान रखने वाला औरैया जिला अब फिल्म नगरी में अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने लगा है। लव रिएक्ट के 10 एपीसोड होंगे।
सिरीज में सोशल मीडिया के जमाने में बिगड़ रहे बच्चों और अभिभावकों को सीख दी गई है। जिसमें बताया गया है कि आज के दौर में स्कूल से लेकर सोशल मीडिया के प्रयोग कर बच्चे किस तरह गलत रास्ते पर जाते हैं। सीरीज मुंबई के यश बाबा के निर्देशन में पूरी की गई। अभिनेत्री का किरदार निभाने वाली अम्रता पाल कई वेबसीरीज में काम कर चुकीं हैं।