औरैया। अमर उजाला और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में शनिवार को दिबियापुर रोड स्थित चौधरी विशंभर सिंह भारतीय बालिका विद्यालय में स्वदेशी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा से इंटर तक के 140 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। एक घंटे की इस इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने कागजों पर अपनी भावनाओं को स्वदेशी रंग देते हुए विभिन्न आकृतियां उकेरीं। प्रतियोगिता में छात्र अभय श्रीवास्तव व छात्रा दीक्षा दीक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता चतुर्वेदी ने बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतिभागियों को एक घंटे में स्वदेशी भावना लोगों में जाग्रत संबंधी चित्रण करना है। प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं ने अपना कल्पना के आधार तरह-तरह की आकृतियां कागज पर उकेरीं।
इस दौरान बांस की डलिया बनाता आदमी व चरखा चलाती महिला का चित्र बनाने वाले 11 वीं कक्षा के छात्र अभय श्रीवास्तव और चीन की झालरों को छोड़कर मिट्टी के दिये अपनाने के लिए मिट्टी के बर्तन बनाता कुंभकार और बिजली की झालरों से जममग मकान का चित्रण कर 11 वीं कक्षा की छात्रा दीक्षा दीक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, पूर्व राष्ट्रपति डॉ .एपीजे अब्दुल कलाम, भारत माता के चित्र के साथ चरखा चलाते महात्मा गांधी व मोर का सुंदर चित्र बनाकर नवीं कक्षा की छात्रा जानवी मिश्रा और चांद पर जाता चंद्रयान बनाकर दसवीं कक्षा की छात्रा रितू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भारत देश में बने तेजस का चिंह्न बनाकर इंटर की छात्रा अंजली सेंगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका चित्रकला अध्यापिका किरन शुक्ला और प्रतिमा गुप्ता ने निभाई।