ट्रेन की बोगी में चढ़ने की मशक्कत करते यात्री।संवाद
दिबियापुर। रक्षाबंधन व बारावफात को लेकर घर जाने का सिलसिला तेज हो गया है। फफूंद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच तक खचाखच भरे नजर आए।
26 को बारावफात व 28 अगस्त को रक्षाबंधन होने से लखनऊ, दिल्ली व कानपुर सहित महानगरों में कार्यरत कर्मचारी त्योहार मनाने अपने घरों को लौट रहे हैं। वहीं, यहां नौकरी करने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के पास जा रहे हैं। मंगलवार को दिबियापुर में साप्ताहिक बंदी होने के चलते व्यापारियों की आवाजाही भी बढ़ जाती है। व्यापारी माल बुक कराने के लिए कानपुर और आगरा जाते हैं। इसका असर भी ट्रेनों में दिखा।
दोपहर कानपुर जाने वाली 12311 नेताजी एक्सप्रेस में भारी भीड़ उमड़ी। हालात यह रहे कि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री धक्का-मुक्की के बीच जैसे-तैसे ट्रेन में चढ़ सके। बुजुर्ग और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि त्योहार के चलते दो दिनों से भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेलवे आरक्षण काउंटर पर पूछताछ करने पर पता चला कि दिल्ली, हावड़ा और कानपुर रूट की अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।