औरैया। ऑपरेशन दस्तक के तहत चोरी, लूट, छिनैती आदि के अपराधी को तय दिन के हिसाब से संबंधित थाने और कोतवाली में हाजिरी देनी होगी। एसपी के निर्देश पर इन अपराधियों की सूची तैयार कर ली गई है। पुलिस अब इनके घर पहुंच रही है और उन्हें किस दिन हाजिरी देनी है, इसकी सूचना दे रही है।
एसपी अभिषेक भारती ने ऑपरेशन दस्तक अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले के 180 से अधिक अपराधियों को शामिल किया गया है। ये अपराधी चोरी, लूट, छिनैती सहित अन्य गंभीर अपराध में शामिल रहे हैं। इन अपराधियों की सूची संबंधित थाने और कोतवाली में भेज दी गई है। अब बीट सिपाही अपराधी या उनके परिवार से संपर्क करेंगे। उन्हें किस दिन हाजिरी देने है, इसकी भी जानकारी देंगे। इसके बाद तय दिन के हिसाब से अपराधी थानों में पहुंचेगा। वहां पुलिस अधिकारी से मिलकर रजिस्टर में हस्ताक्षर करेगा। इसके अलावा पुलिस उन पर निगरानी भी रखेगी। अगर अपराधी को जिला छोड़कर कहीं जाना होगा तो इसके लिए पहले उसे पुलिस से अनुमति लेनी होगी। सदर, अजीतमल कोतवाली सहित अन्य थानों में कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। बीट सिपाही और हल्का प्रभारी घर पहुंच कर सत्यापन कर रहे हैं।