अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव पुर्वा नंदलाल में संदिग्ध हालात में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव पुर्वा नंदलाल निवासी रामपाल उर्फ मोनू (19) पुत्र विमल सिंह का शव सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पेड़ पर लटकते देखा। शव पेड़ से लटके मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे अटसू चौकी इंचार्ज व कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने गांववासियों से घटना की जानकारी ली। रामपाल का शव पेड़ पर लटके मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मृतक के पिता विमल सिंह ने बताया कि उसका पुत्र रामपाल रविवार शाम को गांव के राम कैलाश और ओम नारायण के साथ घर से निकला था। देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटा। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन रामपाल का कहीं पता नहीं चला।
मृतक के पिता विमल सिंह ने गांव के राम कैलाश पुत्र मंशाराम व ओम नारायण पुत्र राम कैलाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने बताया मृतक के पिता विमल सिंह की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।