फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे सीओ सुभाष अत्री।
- फोटो : amar ujala
कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह बरीपुरा-हविलिया बंबा मार्ग पर खेत किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला। उसके पेट में एक चाकू भी धंसा था। पुलिस अपहरण के बाद रेप, फिर हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। एसपी ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटना के सिलसिले में गांव के पास स्थित शराब ठेके के मालिक व मैनेजर को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के अटसू-अछल्दा मार्ग पर बरीपुरा से हविलिया जाने वाले बंबे के पास झाड़ियों से बदबू आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवती का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। युवती सलवार-सूट पहने थी। उसकी आंत बाहर निकल आई थी। शव के पास कान के आर्टिफिशियल बाले और खेत किनारे स्थित बंबे के पास पर्स व चप्पलें मिलीं।
पर्स में ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान होती। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खास बात यह कि शव के पास शराब की बोतलें, नमकीन, गिलास आदि भी मिले। इससे आशंका है कि अपहरण के बाद युवती के साथ बलात्कार और फिर हत्या की गई। शव दो दिन पुराना लग रहा है। पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने भी ग्रामीणों ने पूछताछ की। शव मिलने वाले स्थान के पास शराब ठेका है। पुलिस इसके मालिक और मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी का कहना है कि आसपास के थानों में सूचना दी गई है। हर पहलू पर जांच की जा रही है।