मंगलवार को चपौली स्थित एक ईंट भट्ठे पर कब्जे के लिए हिस्सेदारों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान ईंट पत्थर एवं धारदार हथियार भी चले। एक पक्ष के कुठौंद के पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत चार लोग एवं दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हुए।
कुठौंद के पूर्व ब्लाक प्रमुख की कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी गई। पुलिस ने सभी का उपचार कराया है।
एक पक्ष में शामिल पूर्व ब्लाक प्रमुख कुठौंद ब्रजेंद्र पुत्र बलराम निवासी कुठौंद जनपद जलौन ने बताया कि कुछ समय पहले चार लोगों के मध्य पार्टनरशिप डीड के साथ चपौली में ईंट भट्ठा लगाया गया था। प्रत्येक की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत थी।
आरोप लगाया कि कुछ समय से दो भागीदार राजू सिंह तोमर व उनकी पत्नी किरन देवी निवासी बूढ़ादाना जबरन ईंट बेंचकर पैसा अपने पास रखने लगे। मंगलवार को उन्हें पता चला कि राजू सिंह अपने पुत्रों सौरभ सिंह, विपेंद्र सिंह व अन्य अराजक तत्वों के साथ मिलकर ईंट निकाल कर अपने घर पर रख रहे हैं।
इस पर जब वह वहां पर विरोध करने गए तो आरोपियों ने उनके साथ आए सत्येंद्र सिंह, हजरत एवं चालक शिवबालक निवासी गण कुठोैंद को मारपीट कर घायल कर दिया। यहीं नहीं उक्त लोगों ने उसकी स्कार्पियो कार को बुरी तरह से क्षतिग्र्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी यूपी 100 पर दी। इसपर मौके पर पहुंची डायल 100 के प्रभारी राजेंद्र सिंह यादव, सिपाही अनुराग व विशेंद्र सिंह दोनों पक्षों को थाने ले आए।
घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताते हैं कि ब्रजेन्द्र, किरन देवी का सगा भाई है और राजू उसका बहनोई है। काफी समय से दोनों पक्षों में भट्ठा अपने नाम कराने को लेकर विवाद चल रहा है। थाने में दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कराए जाने की तैयारी चल रही थी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि भट्ठे में पार्टनरशिप को लेकर विवाद चल रहा था। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।