सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जनेतपुर में शनिवार की तड़के इटावा की ओर जा रहे एक ट्रक को पीछे से तेज गति से आ रहे ट्राला ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर पहुंची पेट्रोलिंग पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक को खासी मशक्कत कर बाहर निकाला। चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल औरैया में भर्ती कराया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया।
उन्नाव के मैकुंआ खेड़ा, अचलगंज में रहने वाले अंकुर (30) पुत्र अयोध्या प्रसाद शनिवार की सुबह लगभग 3:30 बजे कानपुर से ट्रक लेकर इटावा की ओर जा रहे थे। पीछे से तेज गति से आ रहे ट्राला ने साइड से टक्कर मार दी।
टक्कर से ट्रक की स्टेयरिंग की ओर का पहिया नीचे की तरफ मुड़ गया। स्टेयरिंग चालक के पेट से सट गई। सूचना मिलने पर पहुुंची पेट्रोलिंग पुलिस के सिपाहियों ने ट्रक व स्टेयरिंग के बीच में फंसे अंकुर को बाहर निकालने का प्रयास किया।
यह सफल नहीं हुए। पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक के हिस्से को पीछे खिंचवाया। इसके बाद अंकुर को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल औरैया में भर्ती कराया। यहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे ट्रक ड्राइवर के परिजन कानपुर लेकर रवाना हो गए। पुलिस ने ट्रक को इंडियन ऑयल चौकी पर खड़ा करा दिया।