जानकारी देते एसपी अतुल शर्मा व पीछे खड़े पकड़े गए बदमाश
- फोटो : amar ujala
इटावा जिले के चौबिया थानाक्षेत्र से शुक्रवार को अपहृत ट्रैवेल एजेंसी संचालक को अछल्दा पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद मुक्त कराया। पुलिस ने घेराबंदी करके एक महिला समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। उसके पास से असलहे भी बरामद किए हैं।
मैनपुरी जिले के करहल थानाक्षेत्र के गांव नगला अलाई निवासी सोनू पुत्र देवराज सिंह मैनपुरी में टूर एवं ट्रैवेल एजेंसी चलाता है। शुक्रवार दोपहर वह फार्चूनर कार से इटावा अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। चौबिया थानाक्षेत्र के भदामई पुल के पास स्कार्पियो व बोलेरो सवार बदमाशों ने सोनू की फार्चूनर कार रोक ली।असलहे के बल पर सोनू को कार में ही बंधक बना लिया। कार समेत अछल्दा क्षेत्र के गांव मानिकपुर की तरफ ले आए। यहां पर बदमाशों ने सोनू के मुंह में कपड़ा बांधकर एक खाली कमरे में बंद कर लिया। रात नौ बजे अछल्दा थानाध्यक्ष एफएस जाफरी को इसकी सूचना मिली तो वह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे।
बदमाशों ने पुलिस आते देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करके महिला समेत तीन बदमाशों को पकड़ लिया। अपहृत सोनू को मुक्त करा लिया। मौके से स्कार्पियो, बोलेरो व फार्चूनर गाड़ी भी बरामद हुई। पुलिस रात में सभी को थाने ले आई जहां पर बदमाशों ने अपहरण करने और फिरौती की बात कबूली। पुलिस ने बदमाशों के पास एक तमंचा व दोनोला बंदूक बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के नाम पिंकू उर्फ छोंगा पुत्र लाखन सिंह निवासी नगला मुकुंद मैनपुरी, संजीव पुत्र राजाराम केवला, जसवंतनगर इटावा व गुड्डी देवी पत्नी श्याम सिंह निवासी सिसिया, सैंफई इटावा बताए हैं। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि अछल्दा पुलिस को पुरष्कृत किया जाएगा। पकड़े गए बदमाशों को जेल भेजा जा रहा है।