अंतर्राज्यीय गिरोह के पकड़ने की जानकारी देते एसपी, पीछे खड़े लुटेरे व पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में लूट व चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने हाइवे पर दबोच लिया। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले ज्वैलर्स को गिरफ्तार कर लूट का माल बरामद किया है। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि वह अंतरजनपदीय गिरोह चलाते हैं। वहीं उन्नाव में एक सराफा व्यापारी को गोली मारकर जेवर लूटने की वारदात भी स्वीकार की। इनके खिलाफ कानपुर नगर व अन्य जिलों में भी लूट के मामले दर्ज हैं।
रविवार को कोतवाली में एसपी रामकिशोर ने बताया कि लूट व चैन स्नेचिंग की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिये स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने शनिवार की सफलता पाई। बमुरीपुर मामले का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम कानपुर में थी। तभी टीम को सूचना मिली कि आरोपी औरैया में वारदात करने गए हैं। टीम औरैया लौटी और हाइवे पर ओरियंटल कंपनी के पास बाइक सवार लुटेरों को दबोच लिया। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि वह कानपुर, उन्नाव, कन्नौज व आस-पास के जनपदों में वारदात करते थे।
गिरफ्तार किये गये चालक आशू उर्फ सुमित गुप्ता पुत्र मूलचंद्र गुप्ता निवासी काजीखेडा थाना चकेरी कानपुर नगर के पास से सोने की चेन, एक हजार रुपये और बाइक सवार कुलदीप उर्फ अजय उर्फ छोटू कनौजिया पुत्र रघुनाथ कनौजिया निवासी मदनापुर थाना तिर्वा कन्नौज के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, दो टुकड़ों में सोने की चेन पुलिस ने बरामद की। लुटेरों ने बताया कि वह लूट का माल मोनू वर्मा ज्वैलर्स सफीपुर थाना चकेरी कानपुर नगर को बेचते थे। पुलिस ने उसे भी लूट के माल के साथ दबोच लिया। लुटेरों ने बताया कि मनीष कनौजिया निवासी काजीखेड़ा थाना चकेरी कानपुर नगर के साथ मिलकर वह लोग लूट करते थे।
बमुरीपुर लूटकांड को दिया था अंजाम
एसपी ने बताया कि बमुरीपुर लूट कांड में महिलाओं से लूट करने वाले माल की बरामदगी कर ली गई है। इन लुटेरों ने उस घटना को स्वीकारते हुये शहर में की गई अन्य वारदातों को भी स्वीकार किया है।
उन्नाव पुलिस को दी गई सूचना
पुलिस ने उन्नाव जिले की पुलिस को सूचना दे दी है। वहां के घटनाक्रम को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वहां पर सराफ की हत्या कर जेवर लूटे थे।