कोतवाली पुलिस ने नीली बत्ती लगी बिना नंबर की बोलेरो
पकड़ी है। पुलिस ने बोलेरो सवार पांचों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज
दिया है। बोलेरो सवार युवक किसी वारदात की फिराक में थे।
रविवार की
देर रात अजीतमल-फफूंद मार्ग पर नीली बत्ती लगी सफेद रंग की बिना नंबर की
एक बोलेरो संदिग्ध रूप से दिखी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
फफूंद थाने के एसआई कप्तान सिंह जुआं पुल से कुछ दूर पर अपने हमराही
दुर्गेश यादव के साथ नाके पर लग गए।
रात 9:45 बजे अजीतमल की ओर से
हूटर बजाती हुई नीली बत्ती लगी सफेद बोलेरो निकली। करीब 15 मिनट बाद
बोलेरो फिर वापस हुई। एसआई कप्तान सिंह ने बोलेरो को रोकना चाहा तो चालक ने
पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने अजीतमल कोतवाली पुलिस
को इसकी सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी केडी यादव ने अटसू चौकी पुलिस
की मदद से त्रिवेदी गेस्ट हाउस के पास तिकोनिया पर घेराबंदी कर बोलेरो को
रोक लिया। पूछताछ में बोलेरो सवार लोगों ने अपने नाम पुष्पेंद्र पुत्र
नाथूराम, गणेश पुत्र वीरेंद्र, अतुल गौतम पुत्र राजकुमार तथा मंजेष पुत्र
राजवीर निवासी मंदिर महेबा जिला इटावा और विमल पुत्र श्रवण कुमार निवासी
लोहई पाता औरैया बताया है।
गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें लाठी और
डंडे बरामद हुए। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई कर पांचों व्यक्तियों को जेल भेज
दिया। कोतवाली प्रभारी केडी यादव ने बताया बोलेरो सवार किसी बड़ी वारदात
की फिराक में घूम रहे थे।