थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगलामऊ में रविवार शाम बाजार गई दलित किशोरी का कार सवार दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया। भीड़भाड़ वाले इलाके से अपहरण होने से बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस ने नाकाबंदी कर औरैया कोतवाली क्षेत्र के गांव करमपुर के पास कार सवार एक बदमाश को गिरफ्तार कर किशोरी को मुक्त कराया।
थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगलामऊ निवासी मानसिंह दोहरे की पुत्री रेनू (19) रविवार को फफूंद बाजार में खरीदादारी करने आई थी। लौटते समय मुरादगंज तिराहे से 400 मीटर दूर ओमनी कार सवार युवकों ने जबरन उसे कार में डाल लिया। अपहरण किए जाने की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने हाईवे रोड पर नाकाबंदी कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस फोर्स पर वाहन चेकिंग करने लगी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि औरैया कोतवाली क्षेत्र के गांव करमपुर के पास संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक ओमनी कार आती देखी तो जब पुलिस ने उसे रोका तो बदमाश गाड़ी छोड़कर भागने लगे। थानाध्यक्ष रूपकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर पकड़ा गया आरोपी जीनत खान पुत्र समी उल्ला है। वहीं घटना का दूसरा आरोपी लईक निवासी खानपुर फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।