सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सुंदरीपुर में जमीन के विवाद में दबंगों ने कई ग्रामीणों पर असलहों से लैस होकर हमला बोल दिया। मारपीट में चार महिलाओं को मामूली चोटें आई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों ने पुलिस को तहरीर दी है। एसडीएम सदर ने पैमाइश के बाद भी जबरन जमीन जोतने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश सदर कोतवाल को दिए।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित शिशुपाल, नरेश, सुरेंद्र कुमार कठेरिया, केपीएस गौतम, रामनरेश, बालेश्वर, सोना, गौरी, कमला देवी, बेबी, अन्नपूर्णा, सरला देवी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी दयाराम, उनके तीन पुत्र सरनाम सिंह, प्रदीप, आलोक के अलावा आशीष, अभय पुत्र सरनाम, अहिबरन निवासी ग्राम अचरौली थाना मंगलपुर कानपुर देहात, के अलावा 15 अज्ञात लोग असलहों से लैस होकर आम रास्ता व हरिजन आबादी की जगह को जोतने लगे।
विरोध करने पर दबंगों ने गाली गलौज कर उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त आम रास्ते को दबंगों ने 11 नवंबर 2013 में भी जोतने का प्रयास किया था। इस पर एसडीएम सदर ने शिकायत पर तहसीलदार को भेजकर पैमाइश कराई थी। पैमाइश के बाद खूंटी भी गाड़ दी गई थी। इसके बावजूद दबंगों ने शनिवार को उक्त पैमाइशी जगह को जोत दिया। मारपीट की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
मामले में एसडीएम सदर राजेंद्र कुमार ने शिकायती पत्र मिलने के बाद सदर कोतवाली को दबंगों के खिलाफ आदेश की अवहेलना करने और मारपीट कर ग्रामीणों को घायल करने के आरोप में मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मामले की तहरीर मिल गई है। हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।