खेत पर पड़े बक्से बिखरा पड़ा सामान देखते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली के ग्राम जैतापुर में सोमवार रात चोरों ने एक घर से साठ हजार की नगदी सहित पांच लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से मामले की जानकारी की। घटना के दौरान बुजुर्ग दंपति घर में सो रहे थे। पीड़ित के पुत्र ने कोतवाली में मामला दर्ज कराने को तहरीर दी है।
ग्राम जैतापुर निवासी आकेश मिश्रा के घर घुसे चोर साड़ी से रस्सी बनाकर आंगन में उतर गए। चोरों ने घर की अलमारी में रखी साठ हजार रुपये की नगदी, जेवर और बक्से उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह उठने पर दंपति को हुई। इस पर उन्होंने औरैया में रह रहे बड़े पुत्र रामजी मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद सूचना पर इंडियन ऑयल चौकी इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने भी घटना स्थल पर नुकसान का आंकलन किया।
रामजी मिश्रा ने बताया कि चोर अलमारी में रखे नगद साठ हजार रुपये के अलावा लॉकर में रखे सोने का हार, जंजीर, चार चूड़ियां, झुमकी, करधनी, हाफ पेटी, आठ सोने की अंगूठियां, पायल सहित करीब पांच लाख के जेवर ले गए। वहीं कमरे में रखे बक्से भी उठा ले गए। बक्से बाद में खेतों में खाली पड़े मिले।
पंद्रह दिनों से गांव में चोरों की धमाचौकड़ी
ग्रामीणों ने बताया कि एक पखवारे से गांव में चोरों की धमाचौकड़ी मची है। तीन दिन पहले चोरों ने गांव निवासी आनंद स्वरुप मिश्रा के यहां कुंडी काटकर चोरी करने का प्रयास किया था। वहीं माइकल दुबे के घर में चोरों ने किचन का ताला काटकर चोरी करने का प्रयास किया था। 15 दिन पहले गांव में घुसे चोरों ने घर के दरबाजे बंधी भैंस खोलकर ले जाने का प्रयास किया था। चार माह पहले चोरों ने गांव निवासी हरीशंकर दुबे के घर से लगभग चार लाख रुपये का माल पार कर दिया था। जिसका आज तक खुलासा नहीं हुआ।