मार्ग पर हंगामा काटते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र क्षेत्र में जालौन रोड पर प्राइवेट बस के चालक ने एआरटीओ पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। बस को बिलरायां-पनवाड़ी मार्ग पर तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत करा जाम खुलवाया। एक घंटे तक चले हंगामे के बाद एआरटीओ के निर्देश पर बस को कोतवाली पहुंचाया गया। जहां उन्होंने बस को सीज कर दिया।
शुक्रवार को जालौन रोड पर प्राइवेट टूरिस्ट बस पवन-गुजरात की सूरत से होते हुए कानपुर जा रही थी। उरई में कालपी रूट पर दुर्घटना के चलते लगे जाम के कारण बस औरैया होते हुए कानपुर जा रही थी। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही देवकली चौकी पर बैठे एआरटीओ ने गाड़ी चालक से कागज मांगे। चालक विजयकांत दीक्षित ने बताया कि उसने एआरटीओ को गाड़ी के कागज दे दिए। फिर भी वह कागज अधूरे होने की बात कह रहे थे। जिस पर पुलिस कर्मी से विवाद हो गया। इसी को लेकर एआरटीओ ने उसे थप्पड़ मार दिया। ड्राइवर को पीटने पर यात्री भड़क गए। उन्होंने ड्राइवर के साथ मिलकर जालौन मार्ग पर बस को तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर देवकली चौकी इंचार्ज उपेंद्र नाथ राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाते हुए मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। एआरटीओ बस कोतवाली पहुंचाने के निर्देश दिए। बस के कोतवाली पहुंचने पर एआरटीओ मनोज सिंह ने गाड़ी को सीज कर दिया। वहीं सवारियाें को रोडवेज की बस से रवाना कराया। एआरटीओ मनोज सिंह ने थप्पड़ मारने की बात से इंकार किया। कहा कि बस में टैक्स जमा करना बाकी है। वहीं निर्धारित सवारियों से अधिक सवारियां भरी थीं। इसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।