तहसील दिवस की शिकायत पर जमीन की पैमाइश करने ब्यौरा नवलपुर गांव पहुंचे लेखपाल की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। लेखपाल ने दो युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पिछले सप्ताह मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में ब्यौरा नवलपुर निवासी बालेश्वर दयाल ने जमीन के विवाद के निस्तारण की मांग की थी।
इस पर एसडीएम ने लेखपाल से जमीन की पैमाइश के निर्देश दिए थे। इसकी पैमाइश के लिये सोमवार को लेखपाल स्वदेश कुमार श्रीवास्तव जरीब आदि सामान लेकर गांव पहुंचे। जब वह पैमाइश कर रहे थे। उसी समय शिकायत करने वाले बालेश्वर दयाल के पुत्र अनिल कुमार व रामशंकर के पुत्र कैलाश ने मन मुताबिक पैमाइश करने का दबाव बनाया।
लेखपाल ने मन मुताबिक पैमाइश करने से इनकार कर दिया। इस पर वे लोग गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लेखपाल को लाठी डंडे से पीट दिया। शोर सुन ग्रामीण व अन्य लोग दौड़े और लेखपाल को बचाया। पीड़ित लेखपाल ने कोतवाली अजीतमल में अनिल और कैलाश के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल जितेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।