मुरादाबाद में पकड़ी गई अवैध शराब
- फोटो : अमर उजाला
दूसरे प्रदेश की शराब रैपर बदलकर बेचने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को छापेमारी के दौरान वह भाग निकला था। पकड़ी गई शराब अरुणाचल प्रदेश में ही बिकने के लिए वैध है। इसकी बाजार में लगभग दो लाख रुपये कीमत बताई गई है।
अछल्दा थाना प्रभारी निरीक्षक फखर सईद जाफरी ने शुक्रवार को छापामारी कर अन्य प्रांत से लाई गई 14 पेटी शराब बरामद की थी। पुलिस को उक्त पेटियों में कुल 648 पौआ मिले हैं। जिसकी बाजार में करीब दो लाख रुपये कीमत बताई जा रही है। रैपर बदलकर शराब बेचने वाला अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। थाना प्रभारी ने वैशाली गांव में छापामारी की। जहां पर भागे हुए अभियुक्त छोटे पुत्र अशोक रैदास निवासी थाना अछल्दा को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि बरामद की गई शराब पर सिर्फ अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए लिखा है। मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया।