फफूंद-दिबियापुर मार्ग पर बुधवार सुबह बाईपास के पास दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे मृतक युवक गांव वालों ने दिबियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवा पाया। गांव सराय बिहारीदास निवासी मोनू (26) पुत्र अशोक कुमार दोहरे अपने साथी अजय कुमार पुत्र सरनाम सिंह के साथ बाइक से फफूंद बाजार करने जा रहा था।
फफूंद -दिबियापुर मार्ग स्थित पाता बाईपास पर फफूंद की ओर से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मोनू व अजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को उठाया और सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया।
अजय कुमार को गंभीर हालत में सैपई रेफर कर दिया। मौत की सूचना मोनू के गांव में पहुंचते ही परिजन व तमाम ग्रामीण आ गए। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए दिबियापुर रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को परिजनों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी बाइक चालक मौके से फरार हो गया।