अयाना (औरैया)। जालौन में डंप पड़ी मौरंग को लेकर आयाना से गुजर रहे छह ट्रकों समेत एक स्कार्पियो को चेकिंग के दौरान बुधवार को सीज किया। इसके अलावा स्कार्पियो सवार दो लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा भी पंजीकृत किया गया।
मालूम हो कि मंगलवार को जालौन में डंप मौरंग को लेकर छह ट्रक और भाजपा का झंडा लगी एक स्कार्पियो में आयाना थाना क्षेत्र से गुजर रहे थे। तभी, जुहीखा-भीखेपुर मार्ग पर एसडीएम विजय प्रताप, सीओ सिटी श्योदान सिंह, प्रभारी निरीक्षक औरैया विनोद कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक अजीतमल बलिराज शाही, अयाना एसओ सोमेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी शैलेंद्र कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारीे मनोज सिंह, खनन निरीक्षक मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। जुहीखा-भीखेपुर मार्ग से मौरंग लदे इन वाहनों को रोका गया। कागज मांगने पर मौरंग लदे ट्रकों के ड्राइवर किसी तरह के कागज जांच दल को नहीं दिखा सके। इस दौरान भाजपा का झंडा लगी एक स्कार्पियो से दो नीचे उतरे। जिनकी पहचान सोनू तोमर पुत्र हरपाल सिंह निवासी ग्राम भीखेपुर और अंकित शुक्ला पुत्र रामआसरे शुक्ला निवासी नवीन बस्ती बिधूना हुई। इनके पास से भी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इस पर एसडीएम विजय प्रताप ने दोनों के खिलाफ धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने ओवरलोडिंग, पपत्र न दिखाए जाने के चलते छह ट्रकों समेत स्कार्पियों को सीज किया है। सहायक आयुक्त वाणिज्य सचल दल प्रभारी हेमकांत सिंह ने जीएसटी के कागज न मिलने पर कार्रवाई की गई है।