कस्बा याकूबपुर में पंजाब नेशनल बैंक से तीस हजार रुपये निकाल कर जा रहे वृद्ध से बाइक सवार लुटेरों ने नोटों भरा बैग छीन लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ ही कस्बे के युवकों ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों लुटेरों को पकड़ लिया। इनसे सवा लाख रुपये बरामद हुए। इसको लेकर लुटेरों से पूछताछ की जा रही है।
याकूबपुर क्षेत्र के गांव जौहर निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामकृष्ण ने पंजाब नेशनल बैंक सेे तीस हजार रुपये निकाले थे। यह रुपये लेकर घर जाने लगे। इसी समय रसूलाबाद की तरफ से बाइक सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर इनके हाथ से बैग छीन लिया।
वारदात को अंजाम देकर लुटेरे बेला की ओर भागने लगे। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर आए ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना देकर बाइक से बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। थाना पुलिस ने बेला बिधूना मार्ग पर सिमरापुर्वा मोड़ के पास लुटेरों की बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया। पुलिस लुटेरों को पकड़कर थाने ले आई। दोनों लुटेरों को पास से एक लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए।
थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम विकास यादव व रजनीश यादव निवासी लेलेपुर, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज बताए हैं। लुटेरों के पास से एक लाख पच्चीस हजार रुपये बरामद हुए। यह रुपये लूट के लग रहे हैं। रसूलाबाद कानपुर देहात में भी एक लूट हुई थी। रसूलबाद थानाध्यक्ष को सूचना दी गई है। अभी लुटेरों कुछ कबूल नहीं कर रहे हैं।