बिधूना (औरैया)। कुदरकोट स्थित भयानक नाथ मंदिर में दो साधुओं की हत्या के बाद बिगड़े माहौल में अब सुधार देखने को मिल रहा है। सड़कों बाजारों पर लोग दिखे। हालांकि गांव व मंदिर में पुलिस अभी भी तैनात है। शनिवार को खुलासे के बाद लोगों में इसकी चर्चा रही। उधर वारदात में गंभीर घायल साधु का सैफई अस्पताल में इलाज जारी है। पुजारी का हाल लेने के लिए किसी अधिकारी के पास समय नहीं है। कोई नेता भी सैफई नहीं पहुंचा। किसी तरह की कोई मदद नहीं मिली है।
शनिवार को मृतक साधु लज्जाराम के परिजन मंदिर पहुंचे। मृतक साधुओं के परिजन सीओ बिधूना भास्कर वर्मा से मिले। मंदिर पहुंचे परिजनों की जानकारी पर गांव के लोग भी पहुंचे। सीओ बिधूना ने मृतक साधु के परिजनों को शीघ्र न्याय का आश्वासन दिया। इधर बिधूना कोतवाली में घटना के खुलासा करने पहुंचे एसपी ने जब घटना का खुलासा किया तो वहां मौजूद मृतक साधु लज्जाराम व हरभजन के भाइयों के आंसू निकल आए। परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
वहीं सैफई अस्पताल में भर्ती रामशरण पुत्र गंगाराम के पुत्र सर्वेश ने बताया कि घटना के बाद जिला प्रशासनिक अधिकारी और नेताओं ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। सीएम स्तर से आर्थिक मदद का आश्वासन मिला, लेकिन अभी तक किसी तरह की कोई मदद नहीं मिली है। बताया कि हम लोग इलाज करा रहे हैं। घायल पुजारी रामशरण का हाल लेने न अधिकारी व न ही कोई नेता पहुंचा।
इनसेट -----
दिबियापुर विधायक ने परिजनों को दी सात्वना
बिधूना (औरैया)। कुदरकोट में मंदिर में हुई घटना के चार दिन बाद दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत पार्टी नेताओं के साथ मंदिर पहुंचे। मृतक साधुओं के परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी। आश्वासन दिया कि हत्यारों को सख्त सजा मिलेगी। विधायक ने मंदिर पर पिकेट की तैनाती व अन्य सहायता दिलाने की बात कही। विधायक के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, अभय सिंह, गोविंद भदौरिया, रमेश गुप्ता आदि भाजपा नेता पहुंचे।
इनसेट ------------
क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरके सक्सेना
एएसपी, औरैया
इनसेट ----------
घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम
एसपी नागेश्वर सिंह ने बताया कि इस बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इनसेट --------
पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्यारों ने की थी लूट
बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी नागेश्वर सिंह ने बताया कि साधुओं की हत्या को अंजाम देने वाले अपराधी शातिर हैं। वारदात लूट के विरोध में लगे इसलिए मंदिर के दानपात्र में रखे रुपये लूटे और कमरों में रखा सामान बिखरने के बाद कपड़े इधर-उधर फेंक दिए थे। एसपी नागेश्वर सिंह ने बताया कि अवैध रूप से गोकशी का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में एक सिपाही का संरक्षण होने के सवाल पर एसपी ने कहा कि किसी को नहीं बख्शा जाएगा।