मुरादगंज कस्बे में रिटायर्ड अमीन के घर के मेन गेट
का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवर उठा ले गए। घटना की रात गृहस्वामी
परिवार समेत पैतृक गांव गया था।
गृहस्वामी दूसरे दिन लौटकर आया तो
मेन गेट का ताला टूटा देखकर गश खाकर गिर गया। परिजनों ने घर के अंदर जाकर
देखा तो सामान बिखरा था जेवर गायब थे। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने घटना
की जानकारी ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अजीतमल
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मुरादगंज निवासी रिटायर्ड अमीन मूंगालाल पुत्र
हीरालाल रविवार को किसी कार्य से परिवार समेत अपने पैतृक गांव डोरी गए हुए
थे। सूना घर पाकर चोर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों
के ताले तोड़कर यहां रखी अलमारी और बक्से में रखे लाखों रुपये के जेवर उठा
ले गए।
सोमवार की सुबह करीब 11.30 बजे मूंगालाल घर वापस आए तो
मेनगेट का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। परिवार के सदस्यों ने अंदर जाकर
देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और जेवर गायब थे।
यह देख
गृहस्वामी गश खाकर गिर पड़ा। चोरी की घटना की जानकारी आसपास के लोगों को
लगी तो घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने कस्बे के
बाहर खेतों में एक बक्सा पड़ा देखा, जिसमें कागजात तो थे, किंतु जेवर गायब
मिले। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज पवन पांडेय ने पीड़ित से घटना की
जानकारी ली।
रिटायर्ड अमीन के पुत्र अरविंद ने कोतवाली में दी
तहरीर में बताया कि चोर घर में रखी पांच सोने की मोहर, दो जंजीर, दो
अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, बृजवाला, बाला, चांदी के सिक्के समेत तकरीबन 15
लाख रुपये के जेवर ले गए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर
दी है।
कस्बे में चोरी की इतनी बड़ी वारदात से ग्रामीणों में
आक्रोश और दहशत है। ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटना
का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में कोतवाली
प्रभारी अजय पाठक ने बताया कि चोरी की घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।