कस्बे में मंगलवार रात को चोरों ने दो घरों से लाखों रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। मोहल्ला महावीरगंज में घर में चोर घर में घुसकर बक्सा उठा ले गए। उसमें नगदी और जेवर थे। वहीं मोहल्ला कटरा हेमनाथ में परिवार बेटी की शादी करने दिल्ली गया था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया। दोनों मामलों में गृहस्वामिनी ने थाने में चोरी की तहरीर दी है।
महावीरगंज निवासी विनीता देवी पत्नी कपिल कुमार दुबे ने बताया कि वह मंगलवार रात घर में परिवार के साथ थीं। भूल से घर का दरवाजा खुला रह गया। रात में चोर घर में घुस आया। वह कमरे में रखा बक्सा उठा ले गया। बक्से में बीस हजार रुपये नगद व करीब एक लाख से अधिक कीमत के जेवर रखे थे। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो बक्सा घर के बाहर पड़ा था। कागजात बिखरे पड़े थे। बक्से से नगदी व जेवर गायब थे। चोरी की खबर पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। पीड़िता ने शक के आधार पर एक युवक के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष डीपी सिंह का कहना है कि जांच में दोषी होने पर युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मोहल्ला कटरा हेमनाथ निवासी विनीता गुप्ता पत्नी स्व. अवनीश गुप्ता ने बताया कि वह अपनी लड़की की शादी करने परिवार सहित दिल्ली गई थीं। मंगलवार को लौटीं तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर सारा सामान बिखरा था। पीड़िता ने बताया कि अलमारी में सोने का मंगल सूत्र, चांदी की पायले व दस हजार रुपये नगद रखे थे। जो चोरी हो गए। इस पर उन्होंने मोहल्ले एक व्यक्ति से पूछा तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने बताया कि उक्त व्यक्ति कई मामले कर चुका है। पीड़िता ने शक जताया है कि उस व्यक्ति ने उसके यहां भी चोरी की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।