आवासीय इंटर कालेज के हास्टल में छात्र की तबियत
अचानक बिगड़ गई। साथियों की सूचना पर कालेज प्रधानाचार्य ने छात्रों को
जिला अस्पताल भेजा। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र के
परिजनों ने कालेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक कस्बा फफूंद
स्थित श्री राधाकृष्ण इंटर कालेज में अध्ययनरत कक्षा 10 के छात्र श्याम
सोनी (15) पुत्र संतोष कुमार सोनी निवासी नौली की सोमवार तड़के कालेज के
हास्टल में अचानक तबियत बिगड़ गई। साथी छात्रों से मिली सूचना पर हास्टल
पहुंचे विद्यालय प्रधानाचार्य सुधीर त्रिपाठी उसे तत्काल चिकित्सक के यहां
ले गए।
हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रधानाचार्य श्याम को जिला अस्पताल ले आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत
घोषित कर दिया। छात्र की मौत पर परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही
का आरोप लगा थाना फफूंद में मामला दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष
शैलेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र की मौत तबियत खराब होने से ही प्रतीत हो
रही है। हालांकि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट
आने पर ही हकीकत पता चल सकेगी।