शादी रचाने के लिए मंडप के नीचे सजे-धजे बैठे दूल्हे को बिधूना कोतवाली पुलिस ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ प्रेमिका ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाई है।
गिरफ्तार युवक मोहित पुत्र राजकुमार उर्फ राजू बिधूना कोतवाली की नवीन बस्ती का रहने वाला है।
रविवार को कस्बे के एक गेस्ट हाउस में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। तभी कोतवाली पुलिस ने उसे मंडप के नीचे से धर लिया। पुलिस के मुताबिक इसी इलाके की एक लड़की ने रविवार को ही रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मोहित से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी के हैं। करीब छह माह पूर्व मोहित ने उसे घर बुलाया। धोखे से चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे बलात्कार किया। इस करतूत में मोहित के बड़े जीजा व उसकी मां ने भी उसका सहयोग किया। तभी से मोहित उसे शादी का झांसा देता आ रहा था।
शनिवार को उसे मोहित के दूसरी जगह शादी की जानकारी हुई तो उसने घरवालों को आपबीती बताकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस की पूछताछ में मोहित ने बताया कि वह 31 मार्च 2017 को आर्य समाज मंदिर आगरा में शिकोहाबाद निवासी युवती से शादी कर चुका है। रविवार को उसी युवती से हिंदू रीति रिवाज से शादी करने जा रहा था। कोतवाली प्रभारी सुधाकर मिश्रा ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।