फफूंद और कंचौसी रेलवे स्टेशनों के बीच गेट संख्या सात पर तैनात गेटमैन को बदमाशों ने मारपीट बंधक बना लिया। उन्होंने वहां रखा सामान, मोबाइल और साइकिल लूट ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद लूट की घटना से इंकार किया।
गेट संख्या सात पर तैनात गेटमैन संजीव कुमार पुत्र सूर्यनाथ निवासी गाजीपुर ने बताया कि वह रात को ड्यूटी पर था। 11 बजे के करीब आधा दर्जन बदमाश आए और उनसे कुछ लोगों का पता पूछने लगे। उनके मना करने पर वह गाली गलौज कर चले गए। थोड़ी देर बाद आकर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन लोगों ने उसे बांध दिया। उसकी साइकिल, मोबाइल और रेलवे का सामान लेकर भाग गए। गेटमैन ने घटना की जानकारी फफूंद स्टेशन अधीक्षक को दी। रात में रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा।
सुबह रेलवे सुरक्षा बल के एसआई बब्लू कुमार गेट मैन को लेकर दिबियापुर थाने पहुंचे। यहां पर एसआई हरीमोहन गेटमैन को लेकर घटनास्थल पर गए। वहां पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक दिबियापुर जितेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि कुछ युवक शराब के नशे में वहां पर आये। उन्होंने गेट मैन के साथ मारपीट की और लैंप फेंक दिया। लूटपाट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस उन युवकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।