गांव बैशोली निवासी एक महिला ने युवती पर बेटे की पत्नी बनकर जबरन घर में घुसने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि युवती घर में न रहने देने पर धमकियां दे रही है। पुलिस ने युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं इस मामले में युवती जहर खाकर जान देने की कोशिश कर चुकी है। अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बैशोली निवासी ऊषा देवी पत्नी धर्मपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उर्मिला देवी हरीगंज बाजार में रहती हैं। वह खुद को बेटे सतेंद्र की पत्नी बताकर जबरन घर में रहने का प्रयास कर रही हैं।
पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं जानकारी के मुताबिक उर्मिला देवी व सतेंद्र काफी दिनों से हरीगंज बाजार में किराये पर रह रहे थे। चार महीने पहले विवाद के बाद सतेंद्र घर चला गया। वह लौट कर नहीं आया। इस पर उर्मिला ने जहर खा लिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने सतेंद्र व उसके परिजनों को बुलाया था।
इसके बाद सहमति से उर्मिला को उसके साथ भेज दिया था। सतेंद्र के परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। सतेंद्र की मां ने उर्मिला के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज करा दी है। थानाध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि पुराना मामला उन्हें नहीं पता है। वह मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में जो तथ्य मिलेंगे उसी के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।