कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरूहौलिया में सोमवार रात प्रधानपति की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के चचेरे भाई ने हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का मामला बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम जरुहौलिया निवासी हमीर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया है कि विगत 15 फरवरी की रात उनका चचेरा भाई गांव से शहर के आवास विकास स्थित आवास पर अपने साथी यशपाल उर्फ अजीत के साथ कार से जा रहे थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह दयालपुर गांव के बाहर बंबे के पास पहुंचे तभी घात लगाए बैठे ससेंद्र कुमार, राज कुमार उर्फ राजू व शिव कुमार पुत्रगण उमाशंकर द्विवेदी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ आए और हमला बोल दिया।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट होते देख यशपाल बचकर निकल आया, जबकि आरोपियों ने उसके चचेरे भाई राजवीर सिंह की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां मारकर हत्या कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रधानी के चुनाव में राज कुमार उर्फ राजू भी उसकी भाभी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। चुनाव में राजकुमार को मिली हार से वह रंजिश मानने लगा था। चुनावी रंजिश के चलते सोमवार की रात उसने अपने अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम दे दिया। मामले में एसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
रातभर पुलिस ने छानी खाक
हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अयाना, बेला, सहायल व औरैया कोतवाली पुलिस पूरी रात खाक छानती रही। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार देर रात एसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश मातहतों को दिए।
राजवीर के घर पुलिस का पहरा
एसपी ने तत्काल प्रभाव से मृतक के घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रात से लेकर मृतक के अंतिम संस्कार तक एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी सुभाष अत्री व सदर इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश यादव मौजूद रहे।
पुलिस को मिले रिवाल्वर के कारतूस
सोमवार की रात ग्राम प्रधानपति राजवीर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस को घटनास्थल से रिवाल्वर के पांच कारतूस मिले।
मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर तीन नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें भी दी जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठाया गया है।
सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज
एसपी