कोतवाली में फरियाद लेकर बच्ची के संग पहुंची पीड़िता सुनीता उर्फ सोनी।
- फोटो : amar ujala
दिबियापुर थानाक्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने महिला को उसकी बेटी के साथ घर से निकाल दिया। महिला ने कोतवाली में ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम अग्नू पुर्वा निवासी रामऔतार की पुत्री सुनीता उर्फ सोनी ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उसकी शादी नवंबर 2009 में ग्राम शहबाजपुर पोस्ट बखरिया निवासी रामकुमार से हुई थी।
शादी के दौरान उसके पिता ने सामर्थ्य अनुसार खर्च किए थे। पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसके पति रामकुमार, ससुर वीरलाल, सास सावित्री, जेठ संजू व जेठानी विनीत व ननद सुनीला, चचिया ससुर कोमिल चचिया सास सभी उस पर मायके से रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसे पीटा गया।
बीती सात मई को ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर पुत्री सहित घर से बाहर निकाल दिया। हालांकि इस दौरान तब से उसके पिता ने कई बार उसके ससुरालीजनों से फोन पर बात करके विदा करा ले जाने को कहा लेकिन ससुरालीजन उसे रखने को तैयार नहीं है। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।