नशे में मिले नेत्र चिकित्सक को मेडिकल के लिए लाया गया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सीएमओ ने मंगलवार को कई सीएचसी और पीएचसी का निरीक्षण किया। अयाना में नेत्र चिकित्सक सिद्धार्थ शराब के नशे में मिले तो सीएमओ ने तत्काल मेडिकल कराने तथा मेडिकल में शराब आने पर निलंबन का आदेश दिया। इधर, मुरादगंज पीएचसी में 11 बजे ताला लटकता मिला। जिस पर प्रभारी समेत सभी को नोेटिस जारी किया गया तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीएमओ एके राय 11 बजे मुरादगंज पीएचसी पहुंचे, यहां पर ताला लटक रहा था। उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने तत्काल सभी को नोटिस जारी करने तथा सभी का वेतन रोकने के निर्देश जारी कर दिए। इसके बाद सीएमओ अयाना सीएचसी पहुंचे। यहां अनुपस्थित मिले लैब टेक्नीशियन लखपत का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। नेत्र चिकित्सा विभाग में नेत्र चिकित्सक सिद्धार्थ नशे में बैठे मिले।
सीएमओ ने जब उनसे सवाल जवाब किए तो वह ऊटपटांग जवाब देते रहे और उठकर लड़खड़ाने लगे। सीएमओ ने तत्काल सीएचसी प्रभारी डा. देवनारायण को मेडिकल करने के निर्देश दिए। कहा कि मेडिकल में शराब की पुष्टि होते ही निलंबन की कार्रवाई की जाए। वहीं, अयाना में सीएमओ ने रजिस्टर चेक किए और प्रभारी को निर्देशित किया कि व्यवस्था संभालें और लापरवाहों पर कार्रवाई करें।
वहीं, फार्माशिष्ट के सेंगनपुर ड्यूटी पर न जाने पर उन्हें भी नोटिस जारी किया गया। अजीतमल में व्यवस्था ठीक मिली। साफ सफाई के लिए प्रभारी को निर्देश दिए।