शहर की खानपुर सेंट्रल बैंक की शाखा में एक युवक ने कई फर्जी चेक लगाकर फैजाबाद की आनंद ट्रांसफार्मर कंपनी के खाते से आठ लाख 88 हजार तीन सौ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। युवक ने इन रुपयों से शापिंग कर ली। इस मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
खानपुर की सेंट्रल बैंक के मैनेजर मोहनलाल मीना ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके यहां राशिद पुत्र अशरफ अली ने अगस्त में खाता खुलवाया था। राशिद ने अपने खाते में लगातार पांच -छह चेक एक सप्ताह के अंतराल में जमा किए। आठ लाख 88 हजार तीन सौ रुपये का भुगतान राशिद के खाते में जमा कर दिया गया। यह चेक आनंद ट्रांसफार्मर कंपनी फैजाबाद के थे। इसके बाद फैजाबाद सेंट्रल बैंक से जानकारी मिली कि जिन चेक से पैसा ट्रांसफर किया गया, उन नंबरों की चेक कंपनी मालिक के पास हैं। इससे लग रहा कि यह चेक फर्जी तरह से तैयार की गईं। बैंक मैनेजर ने बताया कि इन रुपयों का शापिंग के बाद एटीएम से भुगतान किया जा चुका है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राशिद पुत्र असरफ अली निवासी कांशीराम कालोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
दिल्ली में की गई शापिंग
फर्जीवाड़ा करने वाले राशिद ने दिल्ली में एटीएम के माध्यम से सभी रुपये आनलाइन शापिंग में खर्च कर दिए हैं। इस बाबत बैंक कर्मी पड़ताल में लगे हुए हैं।