टूटे ताले दिखा चोरी गए सामान के बारे में जानकारी देते कल्लू।
- फोटो : अमर उजाला
गुुरुवार की रात भगवतीगंज में चोरों ने कई जगह चोरी का प्रयास किया। यह डेयरी की दुकान का ताला तोड़कर सिलेंडर चुरा ले गए। वहीं सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर रुपयों से भरा पर्स व कोट चुरा लिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि अभी तक किसी भी पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है।
भगवतीगंज में रेलवे ओवरब्रिज के आसपास चोरों ने दुकानों में चोरी का प्रयास किया। सभासद पति अरविंद पोरवाल के मेडिकल स्टोर के शटर को मास्टर चाबी लगाकर खोलने का प्रयास किया गया। लॉक में चाबी फंसकर टूट गई। इससे चोर शटर नहीं खोल पाए। यहीं अरविंद कुमार पोरवाल (बांस बल्ली वाले) की दुकान का शटर खोलने का भी प्रयास किया गया। यहां भी चोर असफल हुए। चोर पास में ही सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर रुपयों से भरा लेडीज पर्स व कोट चुरा ले गए। यह कार अहेरीपुर इटावा के दिवारीलाल की है। यह अपने साढ़ू भगवतीगंज निवासी गोविंद गुप्ता की बेटी की शादी में कानपुर गए थे। वापसी में दिबियापुर रुक गए थे। गोविंद गुप्ता के अनुसार चोराें ने कार खोलने का भी प्रयास किया।
इसमें सफल न होने पर शीशा तोड़ डाला। भगवतीगंज में ही डा.रामौतार शर्मा वाली गली में अमन दूध डेयरी के शटर का ताला तोड़कर चोर गैस सिलेंडर, 20 किलोग्राम घी व 10 किलोग्राम क्रीम चुरा ले गए। दुकान स्वामी कल्लू ने बताया कि दुकान खोली तो ताले गायब थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि अमन दूध डेयरी में चोरी की जानकारी नहीं है। अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया। चोर कहीं सफल नहीं हो सके। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।