सीएचसी के बाहर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर कल्यानपुर गांव के सामने कार बाइक से भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौके पर मौत हो गई। चालक कार लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव लेकर सीएचसी पहुंची। सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। शिक्षक हेलमेट नहीं लगाए थे।
भर्थना रोड बिधूना निवासी दीपेश यादव(45) पुत्र दिनेश प्रताप सिंह सुंदर सिंह इंटर कालेज रामगढ़ में शिक्षक पद पर तैनात थे। यह बाइक से कालेज गए थे। शाम चार बजे कालेज बंद होने पर यह बाइक से लौट रहे थे। कल्यानपुर गांव के पास सामने बिधूना की तरफ से आ रही कार बाइक से भिड़ गई। टक्कर से दीपेश बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शिक्षक को सीएचसी ले आई। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतक के परिजन रोते बिलखते पहुंच गए। मोहल्ले के लोग व शिक्षक नेता भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।