हाइवे पर बस का इंतजार कर रहे भाई-बहन से पल्सर सवार
बदमाशों ने लूटपाट की। भाई ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने कट्टे से
उसे गोली मार दी।
गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी है। इसके बाद
बदमाश हवा में कट्टा लहराते हुए भाग निकले। मामला गढ़िया चौराहे का है।
दिनदहाडे़ हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। घायल युवक को जिला अस्पताल
में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक गढ़िया गांव के विनय
पाठक की बेटी प्रिया पाठक औरैया के एक कालेज में एमए की परीक्षा दे रही है।
सोमवार को तकरीबन सवा पांच बजे वह अपने भाई शिवम पाठक के साथ परीक्षा देने
जाने के लिए गढ़िया चौराहे पर बस का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान
उनके पास एक पल्सर आकर रुकी। प्रिया ने बताया कि पल्सर पर सवार तीनों युवक
मुंह बांधे हुए थे। बदमाशों ने प्रिया से लूटपाट शुरू कर दी। भाई शिवम ने
विरोध किया तो पल्सर पर सवार दूसरे युवक ने कट्टा निकाल लिया और शिवम को
गोली मार दी।
दाहिने हाथ में गोली लगने से शिवम लहूलुहान होकर वही
गिर गया। इसके बदमाश प्रिया के कान की सोने की बाली, मोबाइल लूटकर तमंचा
लहराते हुए फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। घटना की
सूचना मिली तो परिजन भी घटनास्थल पर आ गए।
लूट का शिकार हुए शिवम
के छोटे भाई आशू पाठक ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस
ने घायल शिवम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। दिनदहाड़े हुई इस
वारदात से लोगों में दहशत है।