घटना की जानकारी देने कोतवाली पहुंचा चालक व उसके साथ आये लोग
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के तहत देवकली मंदिर के पास आटो में सवारियों से लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को पीटकर आटो में आग लगा दी। इसी बीच पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को बचाया। पीड़ित ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी है।
शुक्रवार दोपहर कोतवाली पहुंची मढ़ापुर निवासी रामश्री पत्नी राम कुमार ने कोतवाल को बताया कि उसका आटो चालक मान सिंह चलाता है। 16 मार्च को मान सिंह गांव की सवारियां लेकर औैरैया आ रहा था। देवकली मंदिर से पहले घात लगाये बैठे राहुल पुत्र मंगल सिंह, रवि पुत्र महाराज सिंह, सोनू पुत्र रामस्वरुप, अनुज पुत्र पप्पू निवासी मढ़ापुर ने आटो रोक लिया। तमंचा दिखाकर सवारियों व चालक से लूट करने लगे। विरोध करने पर राहुल व उसके साथ मौजूद लोगों ने चालक को पीटा। सवारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन लोगों ने आटो में आग लगा दी। इस बीच आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।
लोगों को आता देखकर हमलावर भाग निकले। मारपीट में चालक मान सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने कोतवाल से मामला दर्ज कर जांच करने और जांच के बाद हमलावर लुटेरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मामला आपसी विवाद का लग रहा है।