एसएसआई अखिलेश मिश्रा से आक्रोश व्यक्त करते भाजयुमो नेता।
- फोटो : amar ujala
सदर कोतवाली क्षेत्र में सुभाष चौराहे पर मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान बाइक के चालान करने को लेकर पुलिस व भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी हो गई। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से शिकायत करते हुए इंस्पेक्टर को निलंबित किए जाने की मांग की है। मंगलवार को सुभाष चौराहे पर ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार यादव वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक के चालान को लेकर वाहन स्वामी व एसआई में मुहांचाही हो गई।
युवक ने भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विशाल शुक्ला को इसकी जानकारी दी। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष व पूर्व ब्लाक प्रमुख राजकुमार दुबे ने मामले की जानकारी कोतवाल संजय मिश्रा को फोन पर दी। इस मामले में विशाल शुक्ला ने बताया कि इंस्पेक्टर को जानकारी देने पर उन्होेंने अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली अभी भी पुराने ढर्रे पर चल रही है। ऐसा न हो कि वह उन्हें ही किसी झूठे मामले में फंसा दे।
जानकारी मिलने पर सुभाष चौक पर भारी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस संबंध में विशाल शुक्ला ने एसपी रामकिशोर से इंस्पेक्टर की शिकायत करते हुए निलंबित करने की मांग की है। वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख और भाजपा नेता राजकुमार दुबे ने कहा कि पुलिस जातिगत आधार पर काम करना छोड़ दे। वहीं मामला बढ़ते देख एसएसआई अखिलेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं को समझाया।