ग्राम बाले का पुर्वा में सोमवार देर रात बाइक सवार युवक की पेड़ से टकराकर मौत हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाइक सवार घटना के समय हेलमेट नहीं पहने था। जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात बाइक सवार एक युवक ग्राम बाले का पुर्वा से होकर गुजरा। बाले का पुर्वा के आगे अंधे मोड़ पर खड़े एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और युवक अलग अलग काफी दूर जा गिरे। देर रात वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसा देखा तो दिबियापुर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस उपनिरीक्षक पप्पू सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। कई घंटों बाद वहां पहुंचे एक दूधिया ने बताया कि ग्राम गहेसर में युवक की ससुराल है। इस पर गहेसर के लोगों को सूचना दी गई। देर रात पहुंचे सोनेलाल निवासी ककराहाट बिधूना ने शव की शिनाख्त अपने बेटे प्रदीप कुमार (25)के रूप की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सोनेलाल के अनुसार उसके बेटे प्रदीप की ससुराल ग्राम गहेसर में है। वह अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।