कदौरा। थानाक्षेत्र में रविवार को संदिग्ध हालात में झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान कानपुर में मौत हो गई। कानपुर से शव घर आने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
कदौरा थानाक्षेत्र के कानाखेड़ा गांव निवासी छाया (25) पत्नी रामलखन रविवार सुबह संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई थी। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाकर एंबुलेंस से छाया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा में भर्ती कराया, जहां से उसे हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
देर शाम को हमीरपुर से कानपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार की सुबह कानपुर में इलाज के दौरान छाया की मौत हो गई। छाया की शादी तीन साल पहले हुई थी और 15 दिन पहले उसने एक बच्चे को जन्म दिया था।
पुलिस के अनुसार परिजन आत्महत्या बता रहे हैं, इसकी जांच की जा रही है। वहीं मायके पक्ष से अभी तक किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-मायके पक्ष ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी
अमर उजाला ब्यूरो