औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चिमकुनी में एक खेत में बने कमरे से अवैध रूप से बेचने के लिए जमा की गई लगभग ढाई सौ पेटी देशी शराब (हिमाचल की) पुलिस ने बरामद की। अछल्दा चौकी पुलिस ने देर शाम लगभग 10 बजे रेलवे गेट पर चेकिंग के दौरान दो युवकाें के पास से दो बोरियों में अवैध रूप से ले जाए जा रहे शराब के क्वार्टर बरामद किए। इस पर पुलिस ने पकड़े गए दोनों लोगों से पूछताछ की।
उनकी निशानदेही पर शराब के अड्डे पर पुलिस ने छापामारी की। अड्डे से पुलिस ने मौके से दो सैकड़ा से अधिक देशी शराब की पेटियां बरामद की। इस संबंध में सीओ भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने पकड़े गए दो आरोपियों की निशान देही पर बड़ी सफलता पाई है। बताया कि बरामद शराब (हिमाचल ब्रांड। की बताई जा रही है। उधर पुलिस के छापा डालने की जानकारी मिलते ही शराब के अवैध कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शशांक राजपूत ने बताया कि थाना पुलिस ने चिमकुनी गांव में एक खेत में बने कमरे से लगभग ढाई सौ पेटी शराब बरामद की है। बताया कि यह कमरा किसका है, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस अब कारोबारियों की खोज में जुटी हुई है। उम्मीद है जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।