उरई। शहर के करमेर रोड फ्लाई ओवर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हेलमेट न लगाए होने से युवक का सिर फट गया था। वहीं चालक ट्रक लेकर भाग निकला। युवक मध्य प्रदेश के शिवपुरी से लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर खबर से घर में कोहराम मच गया।
शहर के कालपी रोड स्थित मोहल्ला नया पटेल नगर के शीतला माता मंदिर के पास रहने वाला प्रियांशु सिंह (23) पुत्र संतोष सिंह सेंगर दो दिन पूर्व बाइक से अपनी रिश्तेदारी में मध्य प्रदेश के शिवपुरी गया था। शुक्रवार सुबह वह शिवपुरी से उरई आ रहा था। सुबह करीब 9 बजे जब वह उरई पहुंचा तो शहर के करमेर रोड स्थित फ्लाई ओवर से नीचे उतरने के लिए वह सड़क पार करने लगा।
इसी बीच अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हेलमेट न लगाए होने से ट्रक का पहिया चढ़ते ही प्रियांशु का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसा होते देख राहगीर दौड़कर आए।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने प्रियांशु के पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों को हादसे की खबर दी। उसकी मौत की सूचना से घर में कोहराम मच गया। माता पिता व अन्य परिजन रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। प्रियांशु के लहूलुहान शव को देखकर उनके होश उड़ गए। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उन लोगों को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उरई के करमेर रोड फ्लाई ओवर के पास हुआ हादसा
मध्य प्रदेश के शिवपुरी से लौट रहा था युवक
अमर उजाला ब्यूरो