औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित भार्गव मार्केट में शनिवार की रात जूते-चप्पल की गोदाम का शटर उठाकर कार में माल लाद रहे चोर गश्त पर निकले सीओ सिटी व कोतवाली पुलिस को देख भाग गए। पुलिस ने गोदाम के बाहर खड़ी एक कार व उसमें रखे जूते-चप्पल भरे चार गत्ते बरामद किए। एक युवक को शक के आधार पर पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठाया है। पुलिस ने गोदाम मालिक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिबियापुर रोड पर भार्गव मार्केट में जूता-चप्पल दुकानदार विनम्रसेन का गोदाम है। शनिवार की रात लगभग नौ बजे गोदाम का शटर उठाकर कुछ लोग वहां से जूते-चप्पल के गत्ते उठाकर एक कार में रख रहे थे। सीओ (सिटी) श्यौदान सिंह ने बताया कि इसी बीच गश्त करते हुए वह उधर से गुजरे। पीछे कोतवाली पुलिस की भी गाड़ी थी। मार्केट में अंधेरे में कार खड़ी देखकर उन्होंने गाड़ी रुकवाई। यह देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस पर मामला संदिग्ध देख पीछे आ रही कोतवाली पुलिस को पूरा प्रकरण देखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार के पास एक युवक को देख उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कार व उसमें रखे जूते-चप्पल भरे चार गत्ते बरामद किए हैं। दुकानदार विनम्रसेन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।