अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। बैंक से रुपये निकालने के बाद बुक में इंट्री करवाने के दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पोरवाल कालोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षक से 50 हजार की टप्पेबाजी हो गई। शिक्षक ने तत्काल बैंक मैनेजर को इसकी जानकारी दी। वहीं कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामला दर्ज करने की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पोरवाल कालोनी निवासी अध्यापक पुस्तक भंडार प्रतिष्ठान संचालक रिटायर्ड शिक्षक अवधेश कुमार पोरवाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह 6 मार्च को दोपहर लगभग 2:15 बजे सेंट्रल बैंक की खानपुर शाखा से रुपये निकालने गए थे। जहां उन्होंने अपने खाते से 50 हजार रुपये निकालने के बाद रुपयों को जेब में रख लिया। इसके बाद वह पासबुक में इंट्री करवाने के लिए संबंधित काउंटर पर गए। तभी किसी अज्ञात ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि रुपये निकलने की जानकारी होते ही उन्होंने तत्काल बैंक मैनेजर से शिकायत दर्ज कराई। जिस पर तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। पीड़ित शिक्षक ने घटना दर्ज कराए जाने को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- रिटायर्ड शिक्षक से 50 हजार की टप्पेबाजी
- सेंट्रल बैंक में रुपये निकालने के बाद किताब में इंट्री करवाने के दौरान हुई घटना