अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
सहायल थाना क्षेत्र के गांव बरियारेमऊ के ग्रामीणों ने यूपी100 में तैनात सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी थी। कार्रवाई न होने पर ग्रामीण शुक्रवार को मुख्यालय पहुंचे और एएसपी से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
गांव बरियारेमऊ के निवासी श्याम बिहारी पुत्र राजाराम ने बताया कि दो दिन पहले यूपी 100 की जीप रात में आकर रुकी। सिपाहियों ने उसे जगाकर पहले गाली गलौज की। जब उसने कारण पूछा तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सिपाहियों ने घर के बाहर पडे़ सामान की भी तोड़फोड़ की। बताया कि रात में शोरगुल सुनकर जब ग्रामीण दौड़कर आ गए तो सिपाही जीप में बैठकर धमकाते हुए चले गए। आरोप है कि अक्सर ये शराब पीकर ग्रामीणों से गाली गलौज करते है।
घटना के बाद भुक्तभोगी ने ग्रामीणों के साथ जाकर सहायल थाने में शिकायत की थी। मगर कोई कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को पीडित ग्रामीणों के साथ ककोर मुख्यालय पहुंचा और वहां एएसपी से मामले की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत सुनकर एएसपी आरके सक्सेना ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
-ग्रामीण एएसपी से मिले, दो दिन पहले का मामला