दिबियापुर (औरैया)। सोमवार को दोपहर कन्नौ गांव स्थित महामाई मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे दंपति को बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दंपति से सोने के जेवर व मोबाइल लूट लिए और अछल्दा की तरफ भाग गए। बाद में राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी100 पुलिस ने उच्चधिकारियों को सूचना दी। औरैया से फफूंद व दिबियापुर की पुलिस मौके पर पहुंची पर सीमा विवाद में उलझी रही।
कानपुर देहात के मनेपुर गांव निवासी सूरज सिंह पुत्र रविंद्र सिंह व उनकी पत्नी अलका सिंह सोमवार को दोपहर बाइक से महामाई मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। पीड़ित ने बताया कि एक काले बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने अचानक फायर कर बाइक को रुकवा लिया और उनकी पत्नी अलका सिंह से मंगलसूत्र, चार अंगूठी, चेन व मोबाइल लूट कर अछल्दा की तरफ भाग गए। बाद में राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। फफूंद थाने का चार्ज देख रहे उप निरीक्षक मोहम्मद शाकिर ने बताया कि घटना दिबियापुर थाना क्षेत्र की है। जबकि , दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही का कहना है कि फफूंद थाना क्षेत्र की यूपी 100 पीआरबी मौके पर पहुंची थी। घटना फफूंद थाना क्षेत्र की है। बदमाशों की वह अपने क्षेत्र में भी तलाश मेें जुटे हैं।