अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल(औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के सौनासी गांव में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों मे आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडें चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया और तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
गांव निवासी ममता देवी पत्नी सुघर सिंह व सर्वेश कुमार पुत्र मंगलप्रसाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर के बाहर जानवरों को चारा डाल रही थी। तभी गांव के तारबाबू पुत्र रामस्वरूप, सुभाष पुत्र मिहीलाल, दिग्वजय पुत्र सेावरन, संतोष पुत्र तुलाराम, रंजीत पुत्र बच्चीलाल और रोहित पुत्र मुकेश लाठी व धारदार हथियारों के साथ आए और उनपर हमला बोल दिया। जिससे वह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष से विमलेश देवी पत्नी तारबाबू ने दी तहरीर में बताया कि 28 जुलाई को सर्वेश, सरोज, पुत्रगण मंगलप्रसाद, अशेाक कुमार व सनी के खिलाफ कोतवाली मे रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से उन्होंने रंजिश मान ली। देर शाम खेतों से वापस आते समय उक्त लोग समझौता करने के लिए दबाव बनाने लगे और मना करने पर गाली-गलौज करने लगे। जब गाली देने से मना किया तो इन लोगों ने उनके परिवार के लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।