उरई। एक माह पूर्व कदौरा के गल्ला व्यापारी की आढ़त से 250 बोरा गेहूं लादकर औरंगाबाद के लिए निकला ट्रक लापता हो गया था। गल्ला व्यापारी ने कदौरा थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की छानबीन कर लापता ट्रक व 105 बोरा गेहूं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी ने पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि एक माह पूर्व कदौरा के गल्ला व्यापारी श्याम किशोर गुप्ता पुत्र बिहारी लाल की आढ़त से 14 नवंबर को 250 बोरा गेहूं लोड किया गया था। ट्रक चालक गब्बर सिंह पुत्र बलराम निवासी शाहजहांपुर कालपी व खलासी हरीओम यादव पुत्र दयाराम निवासी मुडारा टीकमगढ़ औरंगाबाद मंडी के लिए लेकर निकले थे।
एक हफ्ते तक जब ट्रक औरंगाबाद नहीं पहुंचा तो व्यापारी ने खोजबीन शुरू की। व्यापारी ने ट्रक मालिक उदय कुमार पुत्र सुखलाल निवासी परोसी थाना गरौठा से बात की तो वह भी व्यापारी को गुमराह करता रहा। व्यापारी ने कदौरा थाने में चालक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था। कदौरा थानाध्यक्ष कामता प्रसाद ने ट्रक मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि चालक, खलासी व अपने भाई कमलेश के सहयोग से माल बेच दिया है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मंगलवार को खुटमिली मोड़ कदौरा में उदय कुमार, गब्बर सिंह व हरीओम यादव को लापता ट्रक व 105 बोरा गेहूं के साथ गिरफ्तार कर लिया। लोगों ने बताया कि हम सभी लोगों ने सांठगांठ कर लिधौरा टीकमगढ़ में 145 बोरा गेहूं बेचा था। बाकी गेहूं बेचने की फिराक में थे, तभी पकड़े गए। पुलिस बेचे गए गेहूं के बोरों की बरामदगी का प्रयास कर रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के उप निरीक्षक रामनरेश यादव, हरीकृष्ण, विनोद कुमार, राघवेंद सिंह उमेश कुमार आदि रहे।